नयी दिल्ली, 03 नवंबर (वार्ता) बीएलएस ई-सर्विसेज ने गत 30 सितंबर को समाप्त चाल वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 55.1 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी के साथ 428 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज करते हुए 32 करोड़ रुपये का एबिटडा (प्रावधानों से पहले का लाभ) दर्ज किया है।
कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार आलोच्य तिमाही में उसके परिचालन का एबिटडा 43.8 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी के साथ 29 करोड़ रुपये रहा। बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज की सहायक कंपनी बीएलएस ई-सर्विसेज लिमिटेड टेक्नोलॉजी की मदद से बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (बीसी)/ ग्रामीण बैंकिंग सेवाएं, ऋण वितरण, असिस्टेड ई-सेवाएं और ई-गवर्नेंस सेवाएं प्रदान करती है।
कंपनी के चेयरमैन शिखर अग्रवाल ने कहा, ” बीएलएस ई-सर्विसेज लिमिटेड ने दूसरी तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। यह हमारे प्रमुख कारोबार में लगातार हो रही बढोतरी और डिजिटल सेवाओं और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में बढ़ते काम को दर्शाता है।”
अप्रैल-सितंबर 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी की कुल आय 40 प्रतिशत बढ़कर 738 करोड़ रही। इस दौरान एबिटडा 15.9 प्रतिशत बढ़कर 59 करोड़ रुपये और ऑपरेशनल एबिटडा 32.5 प्रतिशत प्रतिशत बढ़कर 50 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी को दूसरी तिमाही में पंजाब एंड सिंध बैंक और छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक का काम मिला है। कंपनी ने कहा है, ” अतियानी टेक्नोलॉजीज के एकीकरण से हमारी क्षमताएं और मजबूत हुई हैं और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में हमारे कारोबार का विस्तार हुआ है और इसके बाद, 30 सितंबर, 2026 तक कंपनी के कुल संकपर्क स्थल बढ़कर 1,88,200 से अधिक हो गए, जबकि 30 सितंबर, 2025 को इनकी संख्या 1,47,000 से अधिक थी। इसी तरह बीसी और ग्राहक सेवा बिंदु की संख्या भी बढ़कर 74,400 से अधिक हो गई, जो पिछले साल इसी समय 45,400 से अधिक थी। ”
