
नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) कांग्रेस ने गुरुवार को राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत करते हुए केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, कथित पेपर लीक नेटवर्क की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की। यह अभियान देश के 28 शहरों में अगले 40 दिनों तक चलाया जाएगा। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि यह अभियान छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए शुरू किया गया है। पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती में देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने नीट परीक्षा का उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि हालिया घटनाओं ने परीक्षा व्यवस्था पर छात्रों का भरोसा और कमजोर किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों में बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं हुई और शिक्षा मंत्रालय नैतिक जिम्मेदारी से बच रहा है। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होती है तो उसकी जवाबदेही भी राष्ट्रीय स्तर पर तय होनी चाहिए। कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं जिसमें श्री प्रधान के इस्तीफे के साथ पेपर लीक माफिया, टेंडर एजेंसियों, अधिकारियों और कथित राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच। राष्ट्रीय परीक्षा व्यवस्था का स्वतंत्र ऑडिट और एनटीए, परीक्षा केंद्रों, डिजिटल सिस्टम, प्रिंटिंग, ट्रांसपोर्ट और टेंडर प्रक्रिया की जांच कर आवश्यक सुधार। सभी भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू किया जाए, जिसमें परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की समय-सीमा पहले से तय हो और उसका सख्ती से पालन किया जाए।
कांग्रेस का कहना है कि यह केवल शिक्षा का नहीं, बल्कि रोजगार, युवाओं के भविष्य और करोड़ों परिवारों की उम्मीदों का मुद्दा है। पार्टी ने दावा किया कि पिछले वर्षों में पेपर लीक की घटनाएं अब अपवाद नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय प्रवृत्ति बन चुकी हैं। उन्होंने कहा अभियान के तहत 30 जून से विभिन्न शहरों में छात्र संपर्क अभियान, पर्चा वितरण, नुक्कड़ बैठकें और कैंपस संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद अगस्त के पहले सप्ताह में देशभर के जिला मुख्यालयों पर कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जाएंगे और नौ अगस्त को “दिल्ली चलो” कार्यक्रम के साथ पहले चरण का समापन होगा। कांग्रेस ने छात्रों से अभियान से जुड़ने और ‘छात्रों की गूंज’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने की भी अपील की है।
