मुनाफा का लालच देकर डॉक्टर से 1.23 लाख की ठगी

जबलपुर: नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग में पदस्थ एक डॉक्टर से टेलीग्राम ऐप पर वर्क फ्रॉम होम और टास्क के नाम पर कमाई का लालच देकर 1,23,462 की ऑनलाइन ठगी की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।संजीवनी नगर पुलिस ने बताया कि जसूजा सिटी में रहने वाले 30 वर्षीय डॉ. संदीप कुमार यादव मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग में डॉक्टर हैं।

टेलीग्राम अकाउंट पर तनवी जोशी नाम की एक प्रोफाइल से मैसेज आया। मैसेज में दावा किया गया कि घर बैठे छोटे-छोटे टास्क पूरे करके रोजाना हजारों रुपये कमाए जा सकते हैं। डॉक्टर को झांसे में लेने के लिए आरोपियों ने उनका नंबर एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया। ठगों ने शुरुआत में डॉक्टर को बेहद आसान टास्क दिए। जैसे ही डॉक्टर ने पहला टास्क पूरा किया, उनके खाते में कमीशन के रूप में 100 भेज दिए गए। इस शुरुआती रकम के मिलते ही डॉक्टर का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने असली खेल शुरू किया और बड़ा मुनाफा कमाने के लिए टास्क में पैसे इन्वेस्ट करने की शर्त रख दी।

ज्यादा रिटर्न के लालच में आकर डॉक्टर संदीप ने पहली बार अपने फोन-पे से 1,027 का ट्रांजेक्शन किया। इसके बाद ठगों ने उन्हें अलग-अलग खातों में पैसे डालने के लिए मजबूर किया। डॉक्टर ने अपने कोटक महिंद्रा बैंक और एसबीआई खातों से जुड़े यूपीआई के जरिए कुल 8 बार में 1,23,462 ट्रांसफर कर दिए। जब डॉक्टर ने अपनी जमा राशि और उस पर बने मुनाफे को निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने सिस्टम लॉक होने का बहाना बनाया। उसे अनलॉक करने के लिए 55,000 की और मांग की गई। इतनी बड़ी रकम दोबारा मांगे जाने पर डॉक्टर संदीप को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

Next Post

पशु अवशेषों, हड्डियों से भरा पिकअप वाहन पकड़ाया

Thu Jun 25 , 2026
जबलपुर: गोहलपुर में पशु अवशेषों और हड्डियों से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़े जाने के बाद भारी हंगामा हुआ। वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने चालक से पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं जब्त अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है। जिसके बाद आगे […]

You May Like