अचानक छात्रों को दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने का फरमान, विरोध के बाद वापस लिया फैसला

जबलपुर: कटंगा स्थित कैंट बोर्ड स्वामी विवेकानंद हायर सेकंडरी स्कूल में 6वीं से 9वीं कक्षा के हिंदी मीडियम छात्रों को लाल स्कूल और गोराबाजार स्थित स्कूल में शिफ्ट करने का अचानक निर्णय लिया गया जिसके बाद स्कूल के बच्चों व उनके अभिभावकों का आक्रोश भड़क उठा। इस मुद्दे को लेकर मौके पर जय महाकाल संघ अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया तिवारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे जिन्होंने अभिभावकों के साथ स्कूल प्रबंधन के फैसले का पुरजोर विरोध किया। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने अपना फैसला वापस ले लिया। तब कहीं जाकर पूरा मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार स्कूल प्रबंधन ने किस कारण ये फरमान जारी किया था इसकी कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है।
चेतावनी दी तो पीछे हटा प्रबंधन
इस दौरान कन्हैया तिवारी ने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि मासूम बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें इसी स्कूल में नियमित पढ़ाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अचानक लिया गया यह निर्णय स्वीकार नहीं होगा, अन्यथा इसके विरुद्ध धरना प्रदर्शन किया जाएगा और पास्को एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, जिसके बाद उपस्थित अधिकारी ने आश्वस्त किया कि बच्चों को शिफ्ट नहीं किया जाएगा। दरअसल अभिभावकों से इसी वर्ष अप्रैल माह में सीबीएसई के फार्म भरवाकर हजारों रुपए की किताबें खरीदवा ली गई थीं और वे ड्रेस भी खरीदने वाले थे, लेकिन स्कूल ने एडमिशन की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी थी। गरीब परिवारों को संकट में डालने वाली इस लापरवाही पर सख्त आपत्ति के बाद राहत मिली और अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि स्कूल दोबारा ऐसा जनविरोधी निर्णय लेता है तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Next Post

मुनाफा का लालच देकर डॉक्टर से 1.23 लाख की ठगी

Thu Jun 25 , 2026
जबलपुर: नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग में पदस्थ एक डॉक्टर से टेलीग्राम ऐप पर वर्क फ्रॉम होम और टास्क के नाम पर कमाई का लालच देकर 1,23,462 की ऑनलाइन ठगी की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी […]

You May Like