भोपाल: चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने जांच को और तेज कर दिया है। एजेंसी अब ट्विशा के अस्पताल पहुंचने और मौत के बीच के उन अहम दो घंटों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, जिन्हें मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।इसी सिलसिले में दिल्ली से भोपाल पहुंची सीबीआई टीम ने एम्स अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पोस्टमार्टम करने वाले विशेषज्ञों से विस्तृत पूछताछ की। जांच एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि ट्विशा को अस्पताल किस हालत में लाया गया था, उसे कौन लेकर आया और उस समय डॉक्टरों को क्या जानकारी दी गई थी।
सीबीआई ने इलाज की पूरी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल किए हैं। इमरजेंसी में ट्विशा की स्थिति क्या थी, कौन-कौन से उपचार शुरू किए गए, उसकी हालत में क्या बदलाव आए और मौत घोषित किए जाने तक मेडिकल टीम ने क्या कदम उठाए, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।जांच एजेंसी अस्पताल में एंट्री से लेकर मौत घोषित किए जाने तक की मिनट-दर-मिनट टाइमलाइन तैयार कर रही है। इसके लिए मेडिकल रिकॉर्ड, इमरजेंसी नोट्स, उपचार से जुड़े दस्तावेज और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के बयानों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है।
मामले में ट्विशा के पति और सास पहले से ही जेल में हैं। वहीं सीबीआई मेडिकल तथ्यों, डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच अब उस महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है, जहां मौत से पहले के आखिरी दो घंटे मामले की दिशा और कई सवालों के जवाब तय कर सकते हैं।
