इंदौर: किला मैदान रोड पर एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच ने रतलाम से गिरफ्तार किया है. आरोपी शहर में नशा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था. पुलिस इस मामले में मुख्य तस्कर को पहले ही पकड़ चुकी है. क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इरफान पिता मोहम्मद खान निवासी मदारीपुरा, जावरा जिला रतलाम है.
31 मार्च को टीम ने किला मैदान रोड स्थित श्री एकदंतेश्वर गजानंद मंदिर के सामने से मोइनुद्दीन उर्फ मोईन मेव निवासी मल्हारगंज को पकड़ा था. उसके कब्जे से 13.07 ग्राम एमडी ड्रग्स और करीब 2 लाख रुपए कीमत का एक मोबाइल बरामद हुआ था. पूछताछ और कॉल डिटेल के आधार पर इरफान का नाम सामने आया था, जिसे अब घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसे सह आरोपी बनाकर जेल भेज दिया है.
