नौकरी से निकाला तो हाईटेंशन बिजली पोल पर चढ़ा ऑपरेटर

सतना : जिले के नागौद क्षेत्र स्थित हरदुआ विद्युत उपकेंद्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आउटसोर्स ऑपरेटर नौकरी से निकाले जाने के विरोध में चालू विद्युत लाइन के पोल पर चढ़ गया.पीड़ित कर्मचारी ने पोल के ऊपर से ही आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी देना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों और विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.लगभग एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण सबस्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पोल पर चढ़े आउटसोर्स ऑपरेटर अजय वर्मा का आरोप है कि कुछ दिनों पहले विभाग द्वारा कर्मचारियों के मानदेय में कटौती की गई थी,जिसका सभी कर्मचारियों ने मिलकर शांतिपूर्ण विरोध किया था।

अजय का कहना है कि कार्यपालन अभियंता पल्लव स्वर्णकार द्वारा इसी विरोध का बदला लिया जा रहा है। इसी दुर्भावना के तहत कई कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया है, जबकि कुछ अन्य कर्मचारियों को दूरस्थ स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है.इसी एकतरफा कार्रवाई और बेरोजगारी के संकट से नाराज होकर उसने सबस्टेशन की चालू लाइन पर चढ़कर जान देने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए.आनन-फानन में लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई और नागौद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत और काफी समझाइश के बाद ऑपरेटर को न्याय का आश्वासन दिया, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।स्थानीय पुलिस और विभागीय अधिकारी अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुट गए हैं।

Next Post

हालैंड के दो गोलों ने नॉर्वे को विश्वकप के नॉकआउट में पहुंचाया

Tue Jun 23 , 2026
न्यूयॉर्क, 23 जून (वार्ता) नॉर्वे ने एर्लिंग हालैंड के दो गोलों की बदौलत सेनेगल को 3-2 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के राउंड-ऑफ-32 में अपनी जगह पक्की कर ली। न्यू जर्सी स्टेडियम में सोमवार रात खेले गये मुकाबले में एर्लिंग हालैंड के शानदार गोल की बदौलत नॉर्वे ने सेनेगल […]

You May Like