
भोपाल। मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग में आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत पांडुलिपि निर्माण और शैक्षणिक सामग्री तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री एवं अकादमी अध्यक्ष इंदर सिंह परमार ने शिक्षाविदों को सम्मानित करते हुए कहा कि हिंदी भाषा में उच्च गुणवत्ता वाली पुस्तकों और अध्ययन सामग्री का निर्माण शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हिंदी ग्रंथ अकादमी द्वारा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उपयोगी साहित्य एवं पाठ्य सामग्री तैयार की जा रही है। समारोह में अकादमी की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
