चेन्नई, 22 जून (वार्ता) फ्रांसीसी वाहन निर्माता रेनो ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रेनो इंडिया ने नयी डस्टर का निर्यात शुरू कर दिया है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि 750 वाहनों की पहली खेप चेन्नई से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना की गयी है। आने वाले महीनों में अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात शुरू करने की योजना है। कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह उपलब्धि रेनो ग्रुप के वैश्विक विनिर्माण और निर्यात नेटवर्क में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है। कंपनी की रणनीति भारत को विनिर्माण, इंजीनियरिंग और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत बनाना है।
रेनो ग्रुप इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीफन डेब्लेज ने इसे एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह चेन्नई स्थित कंपनी के संयंत्र की गुणवत्ता, क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता का मजबूत प्रमाण है। यह दर्शाता है कि रेनो इंडिया ने भारत को रेनो के वैश्विक औद्योगिक नेटवर्क का एक अभिन्न हिस्सा बनाने में कितनी प्रगति की है। उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे रेनो अपनी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति का विस्तार कर रहा है,
भारत हमारी भविष्य की योजनाओं में और अधिक रणनीतिक भूमिका निभायेगा। हम देश की विनिर्माण महत्वाकांक्षाओं में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और वर्ष 2030 तक भारत से वार्षिक दो अरब यूरो के निर्यात के अपने लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रहे हैं।” नयी डस्टर भारत में रेनो का पहला वाहन है जिसे रेनो ग्रुप मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। यह एक लचीला प्लेटफॉर्म है, जिसे विभिन्न प्रकार की तकनीकों के लिए डिजाइन किया गया है। इसके अलावा, नयी डस्टर को सभी संस्करणों और इंजन विकल्पों में 5-स्टार भारत एसीएपी सुरक्षा रेटिंग प्राप्त हुई है, जो इसे घरेलू और वैश्विक दोनों बाजारों के लिए पूरी तरह तैयार बनाती है।

