जबलपुर: कुण्डम थाना अंतर्गत डबरा कला में एक सिरफिरे ने कॉलेज में पढऩे वाली एक 20 वर्षीय छात्रा को बदनाम करने की नीयत से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई। आरोपी ने छात्रा की तस्वीरों को पोस्ट कर उस पर बेहद अश्लील कमेंट्स लिखकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम डबरा कला की रहने वाली 20 वर्षीय युवती बी.एससी. सेकंड ईयर की छात्रा है। बीती रात करीब 10:30 बजे छात्रा के पिता ने उसे बुलाया और बताया कि इंस्टाग्राम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से एक फर्जी प्रोफाइल बनाई है। इस प्रोफाइल पर छात्रा की तस्वीरें अपलोड की गई हैं और उनके साथ बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं।
पिता की बात सुनकर जब छात्रा ने खुद इंस्टाग्राम पर जाकर उसके नाम के इस अकाउंट को चेक किया, तो उसके होश उड़ गए। अज्ञात ने उसकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर उसे और उसके परिवार को समाज में बदनाम करने की साजिश रच रहा था। छात्रा मानसिक तनाव और सदमे में आ गई। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर एक्सपट्र्स की मदद से उक्त इंस्टाग्राम अकाउंट के आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर को ट्रैक कर रही है, ताकि आरोपी का पता लगाया जा सकेे ।
