
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता देर शाम तक धरना स्थल पर डटे रहे और उन्होंने रात भर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन के लिए प्रशासन की ओर से शाम 5 बजे तक अनुमति दी गई थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर वहां से हटने की अपील की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनके हाथों से थालियां लेने की कोशिश भी की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर ही जमे रहे।
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर देश भर में विरोध के बीच सीजेपी ने केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। इस बीच दीपके ने कहा कि धरना स्थल पर बिजली पानी काट दी है और उन्हें यहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपके ने पुलिस से पूछा कि आखिर वह यह बताए कि किसके इशारे पर बिजली पानी बंद किया गया है।