जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी क्षेत्र स्थित जमतरा, नर्मदा नदी में गुरूवार को सेंट एलायसिस बॉयज हॉस्टल से दो दिनों से लापता 21 वर्षीय छात्र का उतराता हुआ मिला है। शव मिलने की खबर से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर छानबीन शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूलत: किसलपुरी थाना व जिला डिंडोरी का रहने वाला गुरुतेज बहादुर शाह (21) एकता मार्केट गौर स्थित सेंट एलायसिस बॉयज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बीते 17 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह हॉस्टल से बिना बताए कहीं चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो उसके छोटे भतीजे चर्चिल तेज बहादुर शाह ने उसी दिन गौर चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पत्थरों के बीच फंसी थी लाश
परिजनों द्वारा छात्र की लगातार तलाश की जा रही थी। गुरूवार को गुरूतेज के चाचा दलबीर सिंह बहादुर (45) जमतरा क्षेत्र में उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान अनुपम श्रीवास्तव फार्म हाउस के सामने, नर्मदा नदी के बीच तेज बहाव और पत्थरों के पास उन्हें गुरुतेज का शव दिखाई दिया। नदी में शव होने की सूचना तुरंत गौर चौकी पुलिस को दी गई।
हर एंगल पर तफ्तीश शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक के चाचा दलबीर सिंह के अनुसार, गुरुतेज की मौत नर्मदा नदी के गहरे पानी में डूबने के कारण हुई है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया है। छात्र नदी तक कैसे पहुंचा और यह हादसा कैसे हुआ, पुलिस हर बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
