ग्वालियर:सीमा सुरक्षा बल की प्रतिष्ठित टेकनपुर अकादमी के परिसर में अज्ञात बदमाशों ने चंदन के तीन पेड़ों की टहनियां काटकर चोरी कर लीं. चंदन की लकड़ी की बाजार में ऊंची कीमत होने के कारण ऐसे मामलों को गंभीर माना जाता है. इसका पता निरीक्षण के दौरान चला.अकादमी अधिकारियों द्वारा कैंपस का निरीक्षण किए जाने के दौरान चंदन के पेड़ों की टहनियां काटे जाने की जानकारी सामने आई.
इसके बाद पूरे मामले की जांच कर पुलिस को सूचना दी गई. शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई. यह मामला सीमा सुरक्षा बल के कर्मचारी प्रदीप सिंह चौधरी की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायत में बताया गया कि बीएसएफ कैंपस के आरपी सेक्शन क्षेत्र में लगे चंदन के पेड़ों को नुकसान पहुंचाते हुए उनकी टहनियां काटकर चोरी कर ली गईं.
मामले की जांच के बाद टेकनपुर पुलिस चौकी ने डबरा सिटी थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है. पुलिस ने चोरी और वन संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
