ग्वालियर:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित महानाट्य ‘युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ का मंचन 22 जून सोमवार को शाम 6:30 बजे जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में किया जाएगा। इस नाटक में नागपुर से आ रहे 45 कलाकार प्रस्तुति देंगे। अभी तक महानाट्य का मंचन देशभर के 46 स्थानों पर हो चुका है। नाद ब्रह्म नागपुर संस्था द्वारा निर्मित इस नाटक का मंचन ग्वालियर में पहली बार हो रहा है।
कार्यक्रम की विभिन्न तैयारियों के निमित्त कार्यक्रम स्थल पर बैठक हुई। जिसमें ट्रैफिक-व्यवस्था, स्वच्छता-व्यवस्था, मंच-व्यवस्था, सभागार-व्यवस्था, साज-सज्जा, सुरक्षा-व्यवस्था, पेयजल-व्यवस्था, प्रदर्शनी व्यवस्था, प्रचार- प्रचार व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के निमित्त टोली का गठन किया गया।बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग सह कार्यवाह मुनेन्द्र कुशवाह, विभाग प्रचार प्रमुख निशांत शर्मा, विभाग सह संपर्क प्रमुख गिर्राज दांगी, संस्कार भारती ग्वालियर महानगर महामंत्री चंद्रप्रताप सिकरवार सहित विभिन्न टोली संयोजक प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।
इस नाटक के निर्माता पद्माकर धानोकर, लेखक डॉ.अजय प्रधान, निर्देशक सुबोध सुर्जीकर तथा संगीत संयोजन शैलेश दाणी है। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित नाटक के माध्यम से डॉ. हेडगेवार के जीवन, विचारों, संगठन निर्माण और राष्ट्रसेवा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के प्रांत संघचालक अशोक पांडे विशेषरूप से उपस्थित रहेंगे।
