पासपोर्ट सत्यापन में मध्यप्रदेश पुलिस देश में अव्वल

भोपाल। नागरिक सेवाओं को त्वरित, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विदेश मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन कार्य के प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश पुलिस को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मध्यप्रदेश पुलिस को “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया। राज्य की ओर से पुलिस उपमहानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) तरुण नायक तथा सहायक पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा सुरक्षा) रश्मि मिश्रा ने यह सम्मान ग्रहण किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पांच लाख से कम पासपोर्ट आवेदनों वाले राज्यों की श्रेणी में मध्यप्रदेश पुलिस ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच राज्य पुलिस ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर 3,35,647 पासपोर्ट सत्यापन मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया। इस दौरान गुणवत्ता मानकों का भी पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, जवाबदेही तथा तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं में उत्कृष्टता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस बल निरंतर प्रयासरत है।

गौरतलब है कि पासपोर्ट सत्यापन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश पुलिस को यह राष्ट्रीय सम्मान लगातार दूसरी बार प्राप्त हुआ है, जो राज्य पुलिस की दक्षता और विश्वसनीयता का प्रमाण माना जा रहा है।

 

Next Post

गोविंदपुरा ITI में रोजगार मेला संपन्न: कौशल मूल्यांकन के बाद 1203 तकनीकी व गैर-तकनीकी युवा शॉर्टलिस्ट

Sat Jun 20 , 2026
भोपाल। राजधानी में रोजगार मेले का आायोजन किया गया, जो भोपाल स्थित आईटीआई गोविंदपुरा परिसर में संपन्न हुआ. रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को बेहतर रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराना था. इसका आयोजन कौशल विकास एवं रोज़गार विभाग के द्वारा किया गया. जिसका शुभारंभ राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल के मार्गदर्शन […]

You May Like