
सिंगरौली । नवानगर थाना क्षेत्र स्थित अमलोरी कोयला खदान में आज शुक्रवार की तड़के हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सुबह करीब 4 बजे ओबी कार्य में लगा एक होलपैक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चला रहे ऑपरेटर देवेंद्र यादव पिता कालिका यादव उम्र 44 वर्ष निवासी बक्सर-बिहार प्रांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि नियमित कार्य के दौरान वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन, सुरक्षा विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया। वहीं क्षतिग्रस्त वाहन को निकालने के लिए भारी मशीनों की मदद ली जा रही है। इस घटना के बाद श्रमिकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका आरोप है कि पिछले एक माह के भीतर अमलोरी खदान में यह चौथी बड़ी दुर्घटना है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा मानकों को लेकर कोई ठोस और प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहा। इस दौरान कंपनी प्रबंधन पर कांग्रेसियों के साथ-साथ इंटक नेता ने जमकर नारेबाजी कर प्रबंधन को घेरा। साथ ही आरोप लगाया कि ओबी कंपनी में सड़के चौड़ी नही हैं और वाहन जर्जर हालत में है। आवाज उठाने वाले लोगों को कंपनी प्रबंधन धमकाता है। इस पर इंटक नेता पुष्पराज सिंह ने कंपनी को सख्त लहजे में चेतावनी दिया है।
कंपनी प्रबंधन को इंटक नेता ने जमकर सुनाई खरीखोटी
हादसे के बाद भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस इंटक यूथ के प्रदेश अध्यक्ष लाल पुष्पराज सिंह भी मृतक के परिजनों के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह पूरी तरह मृतक परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को अधिक से अधिक मुआवजा, त्वरित आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। लाल पुष्पराज सिंह ने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं और श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इंटक नेता ने रिलायंस कोल माइंस के प्रबंधन को जमकर खरीखोटी सुनाते हुये कहा कि यहां जो हादसे हो रहे हैं, प्रबंधन के घोर लापरवाही से हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को भी आड़े हाथो लिया। वहीं नायब तहसीलदार की भी इंटक नेता के आगे बोलती बंद हो गई।
इनका कहना:-
ओबी कंपनी में हादसे में ऑपरेटर की मौत हो गई। किस वजह से हुई है, अपराध दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
डॉ. अनिल पटेल
थाना प्रभारी निरीक्षक
थाना नवानगर
