नयी दिल्ली 09 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आम आदमी पार्टी (आप) के उगाही तंत्र का सरगना बताया है।
श्री सचदेवा ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आप के पंजाब के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे को लेकर श्री केजरीवाल के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर ईडी के छापे को राजनीतिक साजिश करार दिया हैं।
उन्होंने कहा कि संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्री केजरीवाल के चेहरे की हवाईयां उड़ रही थी और साफ तौर पर दिखा रहा था कि वह जान रहे हैं कि यह ईडी की जांच श्री अरोड़ा से होते हुए उन तक भी पहुंचेगी, क्योंकि इस सारे उगाही तंत्र के सरगना तो खुद श्री केजरीवाल ही प्रतीत होते हैं।
उन्होंने कहा कि आज जिस तरह पंजाब में मंत्री अरोड़ा हवाला कारोबार के मामले में गिरफ्तार हुए हैं, यह बिल्कुल वैसे है जिस तरह दिल्ली ने दस साल भ्रष्टाचार की सरकार झेली जिसमें मुख्य मंत्री, उप मुख्य मंत्री, सांसद शराब घोटाले में जेल गये।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विगत चार साल से पंजाब श्री केजरीवाल की लूट का केन्द्र बना हुआ है और जिस तरह दिल्ली में “आप” सरकार ने शराब ठेकेदारों से मिल कर हजारों करोड़ का घोटाला किया था, ठीक उसी तरह पंजाब में बड़े बिल्डरों को भूमि उपयोग बदलने की छूट से लेकर मंजिल क्षेत्रफल अनुपात (एफएआर) तथा प्लाट काटने की छूट देकर हजारों करोड़ की लूट का खेल चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में अभी दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री के एक नजदीकी के यहां ईडी ने छापा मारा था और उस वक्त हवा में लाखों रुपये उड़ते देखे गये थे।
श्री सचदेवा ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार होने वाले श्री अरोड़ा पंजाब के पहले मंत्री नही इससे पूर्व “आप” मंत्री डॉ. संजीव सिंगला, फौजा सिंह सिरारी तथा “आप” विधायक रमन अरोड़ा भी भ्रष्टाचार में गिरफ्तार हो चुके हैं।
