महिला टी20 विश्व कप: टीम इंडिया की स्टार गेंदबाज श्रेयंका पाटिल टूर्नामेंट से बाहर, इस RCB स्पिनर की हुई एंट्री

महिला टी20 विश्व कप में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। भारतीय टीम की स्टार गेंदबाज श्रेयंका पाटिल टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। उनकी जगह नई स्पिनर को मौका मिला है।

महिला टी20 विश्व कप के दौरान भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। भारतीय टीम की स्टार स्पिन गेंदबाज श्रेयंका पाटिल टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। उनके टखने की चोट की वजह से महिला टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होना पड़ा। बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी थी।

श्रेयंका को चोटिल होने के बाद स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। नीदरलैंड्स के खिलाफ पावरप्ले का आखिरी ओवर डालते हुए उनका टखना बुरी तरह से मुड़ गया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत ग्राउंड छोड़कर जाना पड़ा था। इस चोट के बाद श्रेयंका मैच में दोबारा गेंदबाजी करने के लिए नहीं लौट सकी थीं।

श्रेयंका की जगह प्रेमा को मिली एंट्री
‘क्रिकबज’ की रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयंका के महिला विश्व कप से बाहर होने के बाद उनकी जगह पर 24 वर्षीय लेग स्पिनर प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले प्रेमा महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से पिछले दो सीजन में छह मैच खेल चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने 3 विकेट चटकाए हैं।

घरेलू क्रिकेट में प्रेमा रावत ने उत्तराखंड को सीनियर चैंपियनशिप जिताने में गेंद से अहम योगदान दिया था। भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में अब तक शानदार रहा है। पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराया था। वहीं, दूसरे मुकाबले में टीम ने नीदरलैंड्स को 95 रनों से रौंदा था।

भारत बनाम नीदरलैंड्स
भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी की थी। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोबोर्ड पर 209 रन बनाए थे। भारतीय टीम की ओर से स्मृति मंधाना ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली थी।

वहीं शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों में 55 रनों का योगदान दिया था। गेंदबाजी में भारत की तरफ से श्री चरणी ने 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे, जबकि शेफाली वर्मा ने 3 विकेट अपने नाम किए थे। भारतीय टीम टूर्नामेंट के अपने अगले मुकाबले में रविवार को साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी।

Next Post

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगाजल से प्राचार्य कक्ष का शुद्धिकरण

Fri Jun 19 , 2026
सतना: शासकीय पीएम श्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को उस समय अलग माहौल देखने को मिला, जब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के प्राचार्य कक्ष का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ शुद्धिकरण कराया। पुजारियों के मंत्रोच्चार, पुष्प वर्षा और गंगाजल छिडक़ाव के बीच संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध भी […]

You May Like