भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रखर साहित्यकार, पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी पं. माधवराव सप्रे की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए कहा कि पं. सप्रे ने अपनी कलम को जनसेवा और राष्ट्र जागरण का माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. माधवराव सप्रे का योगदान हिंदी साहित्य और भारतीय पत्रकारिता के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनकी लेखनी ने समाज में जागरूकता फैलाने के साथ ही राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया।
डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक भारतीय समाज के निर्माण और सामाजिक चेतना को समर्पित पं. सप्रे की रचनाएं आज भी देश की अमूल्य धरोहर हैं। साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में पं. माधवराव सप्रे ने लेखन के माध्यम से राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का कार्य किया और हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान की। मुख्यमंत्री ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
