भोपाल: राजधानी में अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हूजूर तहसील के मीरपुर और कोल्हूखेड़ी गांव में बिना अनुमति विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान बाउंड्रीवॉल, मुख्य द्वार और अन्य पक्के निर्माण तोड़ दिए गए।
प्रशासन के अनुसार करीब 35.86 एकड़ जमीन पर बिना अनुमति प्लॉट काटे जा रहे थे, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 133 करोड़ 68 लाख रुपए है। कोल्हूखेड़ी में रियान गोल्डन और शौकीन अली द्वारा की जा रही प्लाटिंग के साथ मीरपुर में दिनेश चंद्र अग्रवाल और मीनेश इंटरप्राइजेस की अवैध कॉलोनियों पर भी कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कॉलोनाइजरों को पहले ही निर्माण कार्य रोकने के नोटिस दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी काम जारी रखा गया। इसके चलते भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई की गई।
प्रशासन का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
