इंदौर:इंदौर से यूएई जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर अबुधाबी के बीच नई सीधी फ्लाइट शुरू करने का ऐलान किया है. इस सेवा की बुकिंग शुरू हो चुकी है और पहली उड़ान 17 जुलाई से संचालित होगी. इससे ठीक पहले कंपनी ने इंदौर शारजाह फ्लाइट को अपने सिस्टम से हटाते हुए उसकी बुकिंग बंद कर दी है, जिससे शुक्रवार से यह सेवा प्रभावी रूप से बंद मानी जा रही है.
दरअसल, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 फरवरी से इंदौर शारजाह उड़ान रोक दी थी. इसके बाद कई बार सेवा बहाल करने की घोषणाएं हुईं, लेकिन हर बार तारीख आगे बढ़ती रही. अंतिम बार 1 जुलाई से उड़ान शुरू करने की बात कही गई थी, मगर सोमवार को इसे सिस्टम से ही हटा दिया. शारजाह फ्लाइट के हटने से इंदौर से संचालित प्रदेश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय सेवा बंद होने का खतरा पैदा हो गया था. इसी बीच अबुधाबी के लिए नई सीधी उड़ान की घोषणा ने इस संकट को टाल दिया है.
ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के मुताबिक, शारजाह सेवा बंद होने से यात्रियों और एजेंट्स में निराशा थी, लेकिन अब नई फ्लाइट से बड़ी राहत मिलेगी. नई फ्लाइट सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी. कंपनी ने शुरुआती एकतरफा किराया 16 से 17 हजार रुपए के बीच रखा है. इससे इंदौर से यूएई आने जाने वाले यात्रियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे. खासतौर पर व्यापारिक और पारिवारिक यात्रियों के लिए यह सेवा अहम मानी जा रही है. फ्लाइट आईएक्स-247 इंदौर से शाम 7.50 बजे रवाना होकर यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9.35 बजे अबुधाबी पहुंचेगी.
यात्रा का समय करीब सवा तीन घंटे रहेगा. वापसी में यही फ्लाइट अबुधाबी से रात 10.35 बजे (स्थानीय समय) उड़ान भरकर भारतीय समयानुसार रात 3.20 बजे इंदौर पहुंचेगी. इस दौरान भी उड़ान अवधि लगभग सवा तीन घंटे की रहेगी. मामले में एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि इंदौर से अबुधाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी. इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और यूएई के लिए यात्रा आसान होगी
