कोलकाता (वार्ता) इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर ने मंगलवार को कहा निचले क्रम के बल्लेबाज हमारी टीम की मजबूत कड़ी है।
आज यहां बुधवार को होने वाले मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में बटलर ने अपनी एकादश और पहले मैच की रणनीति के बारे में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा हमारी टीम के गेंदबाज भी अच्छी बल्लेबाजी कर लेते है जोकि टीम की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड पहले टी-20 मैच में तेज गेंदबाजी की अगुवाई करेंगे, जबकि सॉल्ट और डकेट पारी की शुरुआत करेंगे।
इंग्लैंड के कप्तान ने अपनी टीम में युवा बल्लेबाज बेथेल की तारीफ करते हुए कहा,
“मुझे लगता है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन पदार्पण किया है। वह एक स्पष्ट सोच के साथ खेलते हैं। उनके खेल में वह खासियत है कि वह इस स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें। आपने सफेद गेंद के खेल में उनके प्रदर्शन को देखा होगा। साथ ही पिछले महीने उन्होंने टेस्ट श्रृंखला के दौरान जिस तरह का खेल दिखाया, वह शानदार था। अभी वह अच्छी लय में हैं।”
उन्होंने कहा कि उनका निचला मध्य क्रम और कुछ गेंदबाज भी अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। उन्होंने कि इससे ऊपरी क्रम के बल्लेबाज़ ज़्यादा आज़ादी के साथ खेल सकते हैं।
बटलर ने कहा कि यह टीम को गहराई और शीर्ष क्रम के खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देता है कि हमारे पास पुछल्ले क्रम में बल्लेबाजी के लिए पर्याप्त विकल्प हैं। हम अधिक आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी कर सकते हैं ।
उन्होंने टीम में नए कोच ब्रैंडन मक्कलम का भी स्वागत करते हुए कहा, “यह स्पष्ट है कि हमारी टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। ब्रैंडन मक्कलम लंबे समय से हमारी टीम के साथ जुड़े हुए हैं। साथ ही इस टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो टेस्ट सेटअप में भी उनके साथ हैं। अब मैं उनके साथ इस प्रारूप में टीम और उनके बीच एक मजबूत और कामयाब रिश्ता बनाने के लिए उत्सुक हूं। अभी हमने अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप या चैंपियंस ट्रॉफी की टीम के बारे में कोई बात नहीं की है और केवल इसी श्रृंखला के बारे में बात हुई है।”
कल होने वाले मैच के लिए इंग्लैंड की एकादश इस प्रकार है :- बेन डकेट, फिल सॉल्ट, हैरी ब्रूक, जॉस बटलर, लियम लिविंगस्टन, जेकॉब बेथेल, जेमी ओवर्रटन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रसीद और मार्क वुड।
