जबलपुर: गढ़ा थाना अंतर्गत गंगासागर एकता चौक के पास रहने वाली एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के समय छात्रा अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ एक ही कमरे में सो रही थी। परिजनों ने अज्ञात पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले जाने का संदेह जताया है। पीडि़त पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गंगासागर निवासी 47 युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 11 बजे वे अपनी पत्नी, बड़ी 14 वर्ष और छोटी बेटी 10 के साथ खाना खाकर एक ही कमरे में सोए थे। देर रात करीब 1:30 बजे जब अचानक आँख खुली, तो उन्होंने देखा कि 9वीं कक्षा में पढऩे वाली 14 वर्षीय बेटी बिस्तर पर नहीं थी। बेटी के अचानक गायब होने से घबराए पिता ने तुरंत अपनी पत्नी को जगाया।
दोनों ने मिलकर आधी रात को ही घर के आसपास, गली-मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहाँ ओजस्वी की काफी खोजबीन की। जब सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो बदहवास परिजन गढ़ा थाने पहुँचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही घर के आसपास और एकता चौक मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि लडक़ी की लोकेशन और उसके साथ दिखने वाले संदिग्धों का पता लगाया जा सके।
मझगवां से 10वीं की छात्रा गायब
मझगवां थाना अंतर्गत रमखिरिया हरदौल मोहल्ला निवासी एक 10वीं कक्षा की छात्रा घर से लापता हो गई है। दोपहर को जब मां खेत से मजदूरी कर घर वापस लौटी, तो बेटी को गायब पाकर उसके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं लगा, तो पीडि़त मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया । जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।
