जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत पंजाब बैंक कॉलोनी में एक महिला ने बाइक और एक लाख के लिए ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मार्ग जांच और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर मृतिका के पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सीएसपी कोतवाली रितेश कुमार शिव ने बताया कि विनीता अहिरवार (24) निवासी पंजाब बैंक कॉलोनी के पति सुमित अहिरवार (28) ने थाने में सूचना दी थी।
14 जून की शाम करीब 6 बजे जब वह काम से लौटा, तो उसका 7 महीने का बेटा अकेला रो रहा था। उसने अपनी पत्नी विनीता को आवाज दी, लेकिन कोई आवाज नहीं आई। जब वह ऊपरी मंजिल पर बने कमरे की तरफ गया, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गया। विनीता कमरे के दरवाजे की वेंटिलेशन रॉड से अपनी ही चुन्नी का फंदा बनाकर लटकी हुई थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने विनीता को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
शादी के एक साल बाद ही बदली नियत, दहेज की डिमांड कर बनाया दबाव-
पुलिस ने जब मृतिका विनीता के मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए, तो परिजनों ने बताया कि विनीता की शादी 4 मई 2023 को सुमित के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के एक साल तक सब ठीक रहा। इसके बाद पति सुमित और ससुर बलराम अहिरवार की नियत बदल गई। वे विनीता पर मायके से एक मोटरसाइकिल या फिर 1 लाख रुपये नगद लाने का दबाव बनाने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुर उसके साथ रोज मारपीट करते थे। उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वालों के रोज-रोज के तानों और जुल्म से विनीता इस कदर टूट चुकी थी कि उसने 14 जून की शाम को मौत को गले लगाना बेहतर समझा। पुलिस ने आरोपी पति सुमित अहिरवार और ससुर बलराम अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
