जबलपुर: मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश और अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के मार्गदर्शन में बुधवार 17 जून को निराश्रित वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की सचिव शक्ति वर्मा द्वारा उपस्थित वृद्धजनों को उनके विधिक अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण हेतु बनाए गए कानूनों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनका सम्मान करना हमारी संस्कृति एवं परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी नागरिकों से वृद्धजनों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का आह्वान किया इस अवसर पर सचिव ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजनों के अनुभव एवं मार्गदर्शन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उनके आशीर्वाद एवं जीवनानुभव से परिवार और समाज दोनों को दिशा एवं प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा एवं सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है तथा हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें सम्मानपूर्ण एवं सुरक्षित जीवन उपलब्ध हो।
किया गया निरीक्षण
शिविर के उपरांत सचिव के द्वारा वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया तथा वृद्धजनों से आत्मीयतापूर्वक संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। इस दौरान वृद्धजनों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। उपस्थित वृद्धजनों ने विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया। एक वृद्धा ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से समय पर दवाइयाँ उपलब्ध नहीं हो पाती हैं, जबकि एक अन्य वृद्धा ने दवाओं के सेवन संबंधी उचित मार्गदर्शन के अभाव की समस्या बताई, जिससे उन्हें यह समझने में कठिनाई होती है कि कौन-सी दवा कब एवं किस मात्रा में लेनी है। जिस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने निराश्रित वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों को आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
