
भोपाल। अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की चार पहिया गाड़ियां को बरामद किया. ट्रेवल्स एजेंसियों के साथ मिलकर षड्यंत्र कर गाड़ियों को बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गिरोह के 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कमिश्नर कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 6 आरोपियों की गिरफ्तारी मामले में हुई है. आरोपियों की पहचान शैलेश जोशी निवासी भोपाल, वहीद अली, जयेन्द्र जोशी उर्फ किट्टू, अरुण नाथ, राजा मीणा और रोहन खान निवासी सीहोर के रूप में की गई है. प्रकरण में आरोपी विश्वजीत गौर और अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से पुलिस ने उनके बताये गये स्थानों से कुल 20 कार बरामद की है, जिनकी कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है. आरोपियों द्वारा इस प्रकार से अन्य 15-20 गाड़ियां और भी बेची गई है, जिसकी रिकवरी की जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त चौहान ने बताया कि आरोपी शैलेश जोशी को नरेरा शंकरा अयोध्या बायपास से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गाड़ियां किराये पर लेता था और इन्हें बेच देता था. कारों को बेचने के लिए आरोपी उसे स्वयं का वाहन बताता था और लोगों से अनुबंध बनाकर उसे बेच देता था. इसके साथ ही वह कुछ कारे बिना अनुबंध के लोगों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था. प्रकरण में ट्रेवल्स एजेंसियों के संचालक द्वारा मुख्य आरोपी शैलेश जोशी के साथ मिलकर वाहनों को किराये से लेने के नाम पर दूरस्थ ग्रामों में वाहन को विक्रय करने का एक गिरोह सामने आया है.
मामले को लेकर 13 जून को फरियादी गौरव कुशवाह (24) ने केस दर्ज कराया. गौरव ने पुलिस को बताया कि आरोपी शैलेश जोशी ने उसकी कार ले जाकर बिना अनुमति बेईमानी पूर्वक दुरुपयोग कर बेच दिया. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की है.
