साइबर अपराधों पर अंकुश के लिए सेफ क्लिक 2.0 अभियान 24 जून से

भोपाल। साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस 24 जून से 8 जुलाई तक 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी साइबर जन-जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ संचालित करेगी। अभियान का उद्देश्य साइबर सुरक्षा जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देना तथा नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर खतरों से बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जोनल पुलिस महानिरीक्षकों और जिला पुलिस अधीक्षकों को अभियान को प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

कैलाश मकवाणा ने कहा कि फरवरी 2025 में चलाए गए साइबर जागरूकता प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए थे, जिससे विशेष रूप से “डिजिटल अरेस्ट” जैसे साइबर अपराधों की घटनाओं में कमी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए जनता को लगातार जागरूक करना आवश्यक है।

अभियान के तहत स्कूलों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, शासकीय कार्यालयों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा गांवों, शहरी क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक जनसंपर्क गतिविधियां होंगी।

अभियान में जागरूकता वाहन, साइबर सुरक्षा मेले, युवाओं के लिए “स्कैम हैकथॉन”, साइबर सुरक्षा शपथ और “ह्यूमन क्यूआर कोड” जैसी नवाचारी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों और साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस को देने की अपील की है।

 

 

Next Post

इलाज हुआ महंगा, अस्पताल जा रहे निजी हाथों में; कांग्रेस पीपीपी मॉडल का करेगी विरोध: पटवारी

Wed Jun 17 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के व्यवस्थित निजीकरण का आरोप लगाते हुए कहा है कि इससे आम नागरिकों की पहुंच से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं दूर होती जा रही हैं। एक बयान में पटवारी ने कहा कि राज्य […]

You May Like