
तेंदूखेड़ा/मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कई ऐसे मामले सामने आए जिनका अधिकारियों ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया. अधिकारियों की तत्परता देखकर उपस्थित लोगों ने उनकी कार्यशैली की सराहना की.कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए.
जनसुनवाई में ग्राम रेंगते हुए पहुंचे सुरेश पिता उस्ताज घोसी तहसील कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ही अपनी व्यथा सुनाकर भावुक हो गए.इस दौरान एसडीएम सहित सभी अधिकारी उनके पास पहुंचे. एसडीएम सी.जी. गोस्वामी ने उनकी समस्या सुनी. सुरेश ने बताया कि दो वर्ष पूर्व उन्हें अचानक लकवा मार गया था, जिसके बाद वह न तो चल सकते हैं और न ही खड़े हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि दो बार दमोह जाकर भी उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बन सका.
सुरेश ने कहा कि यदि उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बन जाता है तो उन्हें मासिक पेंशन का लाभ मिल सकेगा और व्हीलचेयर मिलने पर आवागमन में सुविधा होगी. इस पर एसडीएम ने तत्काल सीबीएमओ डॉ. अशोक बरौनियां को आवश्यक निर्देश दिए तथा तहसीलदार के शासकीय वाहन से उन्हें जिला अस्पताल भेजकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था कराई.साथ ही शीघ्र व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया.
इसी प्रकार ग्राम खमरिया की एक महिला ने तहसीलदार डॉक्टर विवेक व्यास को आवेदन देकर बताया कि उसके पुत्र को सर्पदंश होने के बाद उपचार में काफी धनराशि खर्च हो गई, जिससे परिवार आर्थिक संकट में है. तहसीलदार ने महिला के दस्तावेज प्राप्त कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
वहीं वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद इंदु मालवीय ने आवेदन देकर क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट की समस्या उठाई. उन्होंने बताया कि कई दिनों से घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की.भगीरथ साहू वार्ड नो निवासी ने एस डी एम को आवेदन देकर बताया है कि उनके घर के पास नाली को लेकर ज्ञापन दिया है कि पड़ोसी पवन सोनी आये दिन विवाद करता है गली गलौज करता है समस्या का निराकरण करके व्यक्ति पर कार्यवाही की जाये .जनसुनवाई के दौरान एसडीएम सी.जी. गोस्वामी, तहसीलदार विवेक व्यास, नायब तहसीलदार चंद्रशेखर शिल्पी, जनपद सीईओ मनीष बागरी, सीबीएमओ डॉ. अशोक बरौनियां, बीईओ नितेश पांडे, बीआरसी पी.एल. अहिरवाल, महिला वबाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा ठाकुर, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नगर परिषद, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
