
भोपाल। जिला अदालत ने मंगलवार को कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े आरोपी मोहम्मद फराज को 14 दिन तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. आरोपी फराज के देवबंद से दूसरे साथी नईम अब्दुल्ला को अदालत ने चार दिन तक एटीएस की रिमांड पर भेजा है. दोनों आरोपियों पर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है. काजी कैंप भोपाल से गिरफ्तार हुए फराज पर आरोप है कि वह इस संगठन से करीब चार साल से जुडा था और युवाओं को देश के खिलाफ भड़काने का काम भी करता था. आरोपियों को विशेष न्यायाधीश डॉ. मुकेश मलिक की अदालत में पेश किया गया.
अदालत परिसर से दोपहर के करीब ढाई बजे दोनों आरोपियों को एटीएस की टीम बाहर लेकर निकली. इस दौरान मीडिया का जमावड़ा भी बना रहा है. एटीएस के जवानों ने तत्परता से दोनों ही आरोपियों को वाहन तक लेकर गए. सुनवाई के दौरान एटीएस ने अदालत से आरोपी नईम से पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की मांग करते हुए रिमांड पर मांगा. इसके साथ ही एटीएस ने मामले की जांच जारी होने की भी जानकारी अदालत में पेश की.
जानकारी के मुताबिक देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त आरोपियों को विदेशी फंड़िग हो रही थी. आरोपियों के डिजिटल रिकॉर्ड, विदेशी संपर्क, आर्थिक लेन-देन सहित विवरण की जांच में एटीएस की टीम जुटी है. फराज और नईम के साथ ही देशभर के अलग-अलग राज्यों से अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. धार से आरोपी हाजी अजहर, अलवर राजस्थान से आरोपी शाकिर मेव, भोपाल से आरोपी फराज, देवबंद से नईम को गिरफ्तार किया है. नूंह हरियाणा से भी इसी संगठन से जुड़े एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर एटीएस फिलहाल पूछताछ करने में जुटी है.
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि कथित आतंकी संगठन से जोड़ने के लिए आरोपी देशभर के अलग-अलग राज्यों में काम कर रहे थे. आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से कथित आतंकी नेटवर्क से युवाओं को जोड़ रहे थे. भोपाल से पकड़ा गया आरोपी फराज इस कथित संगठन से युवा लड़को को जोड़ते हुए उनके साथ देश विरोधी गतिविधियों के बारे में बनाया गया वीडियो भी साझा करता था. एटीएस की शुरूआती जांच में आरोपियों के काम सामने आए हैं और मामले की जांच की जा रही है.
