
इंदौर: नगर निगम ने सोमवार सुबह शहर में मास्टर प्लान की तीसरी सड़क के लिए तोड़फोड़ की. निगम ने गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार तक आधा किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़क के निर्माण हटाने की कार्रवाई की. इसके पहले नगर निगम ने एक माह के भीतर जिंसी और छावनी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए तोड़फोड़ की थी.
मास्टर प्लान के 60 फीट चौड़ी सड़क के लिए नगर निगम ने आज 95 बाधक मकान और अन्य निर्माण तोड़ने की कार्रवाई की है. गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार तक 550 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा. यह सड़क मास्टर प्लान की सड़कों में शामिल है. नगर निगम और पुलिस विभाग के संयुक्त कार्रवाई में आज गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार तक बाधक हटाए गए. इस दौरान अपर आयुक्त आकाशसिंह, जनकार्य अधीक्षण यंत्री नरेश जायसवाल, भवन अधिकारी पल्लवी पाल, निगम रिमूवल दस्ते के प्रभारी बबलू कल्याणी सहित बड़ी संख्या में पुलिस और निगमकर्मी मौजूद थे.
शीघ्र ही सड़क निर्माण प्रारंभ होगा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर के दीर्घकालिक विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान की सड़कों का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है. सड़क निर्माण में बाधक सभी अतिक्रमणों को हटाने के बाद शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा. महापौर ने कहा, मास्टर प्लान की यह सड़क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि इंदौर के भविष्य की आधारशिला है. इसके पूर्ण होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन अधिक सुगम बनेगा तथा नागरिकों को बेहतर शहरी अधोसंरचना का लाभ मिलेगा.
