
सीधी। थाना बहरी पुलिस द्वारा अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक 407 टीपर वाहन जप्त किया गया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 14 जून 2026 की रात्रि गश्त के दौरान थाना बहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भरुही स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। गोपद नदी घाट के समीप एक 407 अशोक लीलैण्ड टीपर वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 6055 आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने नदी घाट से लाई गई रेत को मौके पर ही डंप कर दिया तथा भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूंछताछ में चालक ने अपना नाम रितेश रजक 21 वर्ष निवासी ग्राम भरुही, थाना बहरी बताया। वाहन में परिवहन की जा रही रेत के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में वाहन स्वामी आशीषधर द्विवेदी निवासी ग्राम भरुही, थाना बहरी होना पाया गया। प्रथम दृष्टया अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन का अपराध पाए जाने पर पुलिस द्वारा वाहन को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं धारा 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सउनि अविनेश चौधरी एवं आरक्षक रजनीश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
