क्रिप्टो-फॉरेक्स में दोगुना मुनाफे का झांसा देकर ढाई करोड़ की ठगी

इंदौर: क्राइम ब्रांच ने क्रिप्टो करेंसी और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चंडीगढ़, बेंगलुरु और दिल्ली से जुड़े अन्य आरोपी अभी फरार हैं. गिरोह इंदौर की होटलों में सेमिनार और मीटिंग कर लोगों को झांसे में लेता था.डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि हरप्रीत कौर उर्फ मोना निवासी विष्णुपुरी कॉलोनी, जसवंत सिंह उर्फ जस्सी निवासी चंडीगढ़, अनिरुद्ध दलवी निवासी बेंगलुरु, मुकेश तायडे और जोसेफ निवासी भोपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है.

आरोपियों ने लोगों को 100 दिनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराया और बाद में पैसा वापस नहीं किया. क्राइम ब्रांच को जिया पति सतीश वाधवानी समेत कई निवेशकों ने शिकायत दी. पीड़ितों ने बताया कि शुरुआत में 2 प्रतिशत मुनाफे का भरोसा दिलाया और 100 दिन में रकम दोगुनी करने का दावा किया, लेकिन बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम लौटाई गई.

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ए स्क्वेयर वर्ल्ड ग्लोबल कंसल्टेंसी नाम से कथित यूएस बेस्ड कंपनी बनाकर फर्जीवाड़ा किया. आरोपी हरप्रीत कौर ने अपने और कंपनी के खातों में निवेशकों से करीब ढाई करोड़ रुपए जमा कराए. पीड़िता जिया वाधवानी ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान हरप्रीत कौर से किटी पार्टी में हुई थी. इसके बाद उसे भंवरकुआ स्थित होटल में जसवंत सिंह और अनिरुद्ध से मिलवाया, जहां निवेश का प्लान समझाया. बाद में होटल रेडिसन में बड़ा सेमिनार आयोजित कर करीब 200 लोगों को जोड़ा और महंगे गिफ्ट व भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया.

पीड़ितों ने पुलिस को यह भी बताया कि मार्च 2025 के बाद किसी को भी भुगतान नहीं किया. पूछताछ करने पर आरोपियों ने वेबसाइट अपडेट और तकनीकी कारणों का बहाना बनाकर टालमटोल की. दबाव बढ़ने पर ऑनलाइन मीटिंग में जल्द भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में साफ कह दिया गया कि कंपनी डूब चुकी है और पैसा नहीं मिलेगा. इसके बाद सभी आरोपी संपर्क से बाहर हो गए. मामले में क्राइम ब्रांच ने हरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस अब बैंक खातों, लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है

Next Post

कांग्रेस के उपवास में भी नजर आई गुटबाजी

Mon Jun 15 , 2026
विंध्य की डायरी डॉ रवि तिवारी कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान और प्रशिक्षण शिविर से एक उम्मीद जगी थी कि कांग्रेस अब अपना खोया सम्मान वापस लाकर रहेगी. साथ ही आगामी चुनावों में कांग्रेस विजय ध्वज फहरा सकेगी पर जो तस्वीर सामने है उससे नही लगता कि गुटबाजी और छत्रपों […]

You May Like