जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा शहर , श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

सीहोर। अखिल भारतीय क्षत्रिय चंद्रवंशी खाती समाज के तत्वावधान में रविवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा एवं चल समारोह का आयोजन किया गया.

जय जगन्नाथ और भगवान जगदीश की जय के उद्घोषों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा. बलदाऊ और बहन सुभद्रा के साथ भगवान जगदीश सुसज्जित स्वर्ण रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले. भोपाल नाका से लीसा टॉकीज मैदान तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से रस्सियों के माध्यम से रथ खींचकर अपनी आस्था व्यक्त की. शंखध्वनि, मजीरों की गूंज, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली रथयात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

चल समारोह में भगवान महाकाल की जीवंत झांकी, भजन गाती महिला श्रद्धालु, हाथों में तिरंगा लिए पूर्व सैनिक तथा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाजजन आकर्षण का केंद्र रहे. समाज के महिला-पुरुष और बच्चे आकर्षक पगडिय़ां एवं पीले अंगवस्त्र धारण किए हुए नजर आए. पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे, वहीं नागरिकों ने भवनों की छतों से भी श्रद्धालुओं पर पुष्प बरसाए.

रथयात्रा के समापन पर लीसा टॉकीज मैदान में सामाजिक सभा आयोजित की गई. कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान जगदीश की पूजा-अर्चना और आरती से हुआ. इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र पटेल, अटल अस्पताल संचालक संदीप वर्मा, रमेशचंद्र मुकाती, रघुनाथ वर्मा, नानूलाल कसानिया व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. समारोह में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का सम्मान भी किया गया.

 

 

Next Post

शास्त्रीय नृत्य में समाहित है योग

Mon Jun 15 , 2026
जबलपुर: नृत्यांजलि कला अकादमी के तत्वावधान में नृत्य एवं योग के संगम का नृत्यमय और योगमय कार्यक्रम का आयोजन आज कला वीथिका संग्रहालय में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ।समारोह की संयोजक नृत्य निदेशक एवं नृत्य गुरु कामना नायक ने कहा कि शास्त्रीय नृत्य में अध्यात्म निहित है। नृत्य आराधना है, […]

You May Like