एशिया कप विजेता हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने साय से की मुलाकात

रायपुर, 14 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के उभरते हॉकी खिलाड़ी और भारतीय अंडर-18 टीम के एशिया कप विजेता सदस्य अवि मानिकपुरी ने रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। nइस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में योगदान के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि अवसर और संकल्प मिलने पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेल अधोसंरचना के विकास और संसाधनों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के नए अवसर मिल रहे हैं। nउल्लेखनीय है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी ने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिष्टाचार मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी मौजूद थे।

Next Post

हिम्मत के दम पर आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने जीता गोस्वामी गणेश दत्त खिताब

Sun Jun 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 जून (वार्ता) आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में कोलाज स्पोर्ट्स को रविवार को 4 विकेट से हराकर प्रतिष्ठित 51वीं अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 246 रनों के कठिन लक्ष्य […]

You May Like