ब्लैक कोबरा का गोदाम से सुरक्षित रेस्क्यू 

सीधी। शहर के नए बस स्टैंड के पास स्थित एक गोदाम में 10 दिनों से डेरा जमाया ब्लैक कोबरा दहशत का पर्याय बना हुआ था। आज सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीन फिट लंबे ब्लैक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोंड़ दिया गया। बताया गया कि अंकित सिंह परिहार के गोदाम में पिछले 10 दिनों से लगभग 3 फीट लंबा एक ब्लैक कोबरा सांप कर्मचारियों के लिए दहशत का कारण बना हुआ था। जहरीले सांप की मौजूदगी के कारण गोदाम में कामकाज भी प्रभावित हो रहा था। जानकारी के अनुसार गोदाम में कई दिनों से ब्लैक कोबरा लगातार दिखाई दे रहा था। कर्मचारी जैसे ही काम करने पहुंचते, सांप कभी बाहर निकलकर फुफकार मारता तो कभी गोदाम के भीतर छिप जाता। सांप के भय से कर्मचारियों ने कई बार काम बंद कर दिया था और हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम संचालक अंकित सिंह परिहार ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू प्रभारी वनपाल पंकज मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी सावधानी और सतर्कता बरतते हुए सुबह करीब 10 बजे ब्लैक कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू प्रभारी वनपाल पंकज मिश्रा ने बताया कि ब्लैक कोबरा अत्यंत विषैला और खतरनाक सांप होता है। यह सामान्यत: जंगलों में निवास करता है, लेकिन भोजन की तलाश या ठंडी एवं सुरक्षित जगह की खोज में कभी-कभी आबादी वाले क्षेत्रों और घरों में भी पहुंच जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू कर सके।

Next Post

हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट का पलटवार: अफवाह फैलाने वालों पर होगी एफआईआर और मानहानि का केस

Sun Jun 14 , 2026
गुना। श्री हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने रविवार को एक आपातकालीन पत्रकार वार्ता बुलाई। पिछले कुछ समय से मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से ट्रस्ट पर लग रहे सीधे व अप्रत्यक्ष आरोपों पर पलटवार करते हुए ट्रस्ट ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। ट्रस्ट […]

You May Like