दक्ष मानव संसाधन से सुदृढ़ होगी कानून व्यवस्था: एडीजी

जबलपुर। प्रशिक्षण संस्था पुलिस विभाग को लगातार कुशल और दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संस्थान से अब तक 100 बैच सफलतापूर्वक पास आउट हो चुके हैं और आज 101वाँ बैच अपनी ट्रेनिंग पूरी कर पुलिस बल का हिस्सा बन रहा है, जो कि संस्थान के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह बातें एडीजी एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जोन जबलपुर प्रमोद वर्मा ने पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस), 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर में 101वीं दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड में कहीं। आयोजन में मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल की 21 बटालियनों से आए कुल 221 नव प्रशिक्षित आरक्षकों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर आकर्षक एवं अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नव प्रशिक्षित आरक्षकों ने उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन एवं दक्षता का परिचय देते हुए शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। इस दौरान देश और समाज की सुरक्षा का जिम्मा संभालने जा रहे जवानों को कर्तव्यनिष्ठा का मंत्र दिया गया। समाज के हर वर्ग की मदद के लिए सदैव तत्पर रहना, सुरक्षा व्यवस्था को हर हाल में सुदृढ़ बनाए रखना और अपने व्यवहार और कार्यशैली से जनता के बीच पुलिस का गौरव बढ़ाना का भी मंत्र दिया गया।

पुरस्कारों से नवाजा ,परिजनों के चेहरे पर दिखी खुशी

प्रशिक्षण की समाप्ति और देश सेवा के संकल्प के इस अवसर पर पास आउट हुए जवानों के परिजन भी उपस्थित थे। खाकी वर्दी में अनुशासित रूप से कदमताल करते देख सभी के चेहरे गर्व से खिले नजर आए। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को विशेष पुरस्कारों से नवाजा गया। 6वीं वाहिनी के कमाण्डेंट सिद्धार्थ चौधरी द्वारा नव प्रशिक्षित जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा एवं अतुल सिंह उप पुलिस महानिरीक्षक जोन जबलपुर ने प्रशिक्षण अवधि में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

Next Post

एसपी ने साढे तीन घंटे बंद कक्ष में ली बैठक,लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए कड़क निर्देश

Fri Jun 12 , 2026
दमोह.पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) द्वारा शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न थानों में लंबित अपराध, मर्ग, शिकायतों व गुम इंसान संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई.बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक […]

You May Like