
दमोह। सेवा एवं आशीर्वाद अभियान के तहत जिले में चिह्नित 1664 बुजुर्गों में से 1539 का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह कुल लक्ष्य का 92.49 प्रतिशत है। इन बुजुर्गों को अब पिछले 9 माह से बंद पड़ी पेंशन मिलने लगेगी। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री यादव ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिविल वार्ड निवासी एक बुजुर्ग माता ने शिकायत की थी कि उन्हें 9 माह से पेंशन नहीं मिल रही है। इसी तरह ग्राम पाथा, विकासखंड तेंदूखेड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में भी इस तरह की समस्याएं सामने आई थीं। इसके बाद कलेक्टर ने अभियान चलाकर ऐसे सभी बुजुर्गों का ई-केवाईसी कराने का निर्णय लिया था। कलेक्टर ने बताया कि प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है और शेष बुजुर्गों का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
