जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत परियट नदी के वर्धाघाट में शुक्रवार सुबह एक लापता अधेड़ का शव उतराता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई।
जानकारी अनुसार, कैलाश धाम मंदिर स्टैंड निवासी 47 वर्षीय जग्गी चौधरी जग्गी चौधरी गुरुवार 11 जून की दोपहर करीब 12 बजे घर से परियट नदी में नहाने जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर जग्गी की पत्नी अनीता चौधरी ने खमरिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घाट पर मिले कपड़े, पानी में उतराती दिखी लाश
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जग्गी के ममेरे भाई धर्मदास चौधरी और मुकेश रजक उन्हें ढूंढते हुए कैलाशधाम वर्धाघाट पहुंचे। वहां नदी के बाहर जग्गी के कपड़े और चप्पल रखे हुए थे। जब उन्होंने नदी में देखा, तो जग्गी का शव पानी में उतरा रहा था। धर्मदास ने तुरंत इसकी सूचना खमरिया थाना पुलिस को दी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। शुरुआती तौर पर मामला नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने का लग रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
