गेहूं के पैसे मांगने पर युवक की लाठियों से बेरहमी से पिटाई, जिला अस्पताल में भर्ती

गुना: कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पुरैनी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गेहूं की फसल के बकाये पैसे मांगने पर एक युवक के साथ एक ही परिवार के चार लोगों ने बेरहमी से मारपीट कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

अस्पताल में भर्ती पीड़ित रविंद्र जाटव ने बताया कि उसने बीते बुधवार को गांव के ही एक छोटे व्यापारी को 10 क्विंटल गेहूं बेचे थे। उस वक्त दोनों पक्षों के बीच सौदा तय हुआ था कि गेहूं का भुगतान बाद में किया जाएगा।रविंद्र का आरोप है कि अगले दिन यानी गुरुवार की शाम करीब 7 बजे आरोपी उसके घर पहुंचे और पैसे देने के बहाने उसे अपने साथ दुकान पर ले गए। लेकिन दुकान पर पहुंचते ही आरोपियों की नीयत बदल गई और उन्होंने पैसे देने के बजाय रविंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने रविंद्र पर लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान सिर पर लाठी लगने से रविंद्र लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब रविंद्र का भाई मौके पर पहुंचा, तो उसने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।

वारदात के बाद घायल रविंद्र को उसका भाई मोटरसाइकिल पर बैठाकर जिला अस्पताल ला रहा था, तभी रास्ते में उन्हें पुलिस की ‘डायल 112’ गाड़ी मिल गई। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और घायल को गुना जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पीड़ित का उपचार चल रहा है और कैंट थाना पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है।

Next Post

राज्यसभा चुनाव: मीनाक्षी नटराजन को सुप्रीम कोर्ट से झटका, याचिका खारिज

Fri Jun 12 , 2026
नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उनकी याचिका खारिज कर दी। मीनाक्षी नटराजन ने मध्यप्रदेश के रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उनका नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के फैसले को चुनौती देते हुए शीर्ष […]

You May Like