इंदौर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर प्रबुद्ध जनों के विचार, सुझाव और अनुभव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इसी क्रम में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद का अभियान जारी रखा। शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 34 स्थित ग्रीन कंचन विहार कॉलोनी पहुंचकर उन्होंने सेवानिवृत्त एसबीआई बैंक प्रबंधक नवीन चंद्र व्यास से मुलाकात की और विभिन्न सामाजिक, नागरिक तथा विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की। महापौर ने उनके अनुभवों और सुझावों को सुना तथा विकसित भारत के संकल्प में नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
इसके पश्चात महापौर क्षेत्र के निवासी न्यायाधीश जितेंद्र सिंह कुशवाहा के निवास पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से शहर के विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए सुझाव प्राप्त किए।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज के अनुभवी, जागरूक और प्रबुद्ध नागरिकों के विचारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। नागरिकों के अनुभव और सुझाव शासन एवं प्रशासन के लिए मार्गदर्शक का कार्य करते हैं।
