
जबलपुर। सिहोरा पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर घेराबंदी कर अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो लोडेड पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस की भनक लगते ही स्कॉर्पियो का चालक गाड़ी लेकर जबलपुर की ओर भागने में सफल रहा। इस पूरे नेटवर्क में नामी अपराधियों के तार जुड़े हैं, जिसके बाद पुलिस ने कुख्यात बदमाशी बाबू सिंधी समेत कुल चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
टीआई प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि सूचना मिली कि कटनी की ओर से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में कुछ लड़के अवैध हथियार लेकर जबलपुर की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मझोली ब्रिज के पास एनएच-30 पर दबिश देकर घेराबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद कटनी की तरफ से तेज रफ्तार में एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया। गाड़ी रुकते ही दो लड़के नीचे उतरे, लेकिन तभी पुलिस को चकमा देकर स्कॉर्पियो चालक गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाकर जबलपुर की ओर भगा ले गया। पुलिस ने मौके से निहाल केवट (21) निवासी रामपुर रामनगर, गोरखपुर, गगन जैसवाल (25) निवासी ग्राम ककरा, थाना बदेरा, जिला मैहर को दबोचा। निहाल केवट की कमर से एक लोडेड पिस्टल मिली, जिसमें एक कारतूस लोड था। वहीं दूसरे आरोपी गगन जैसवाल के पास से भी एक पिस्टल और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया।
पूछताछ में खुला बाबू और अंकित सोनी का कनेक्शन
हथियारों के संबंध में जब पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने नेटवर्क का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि बाबू सिंधी निवासी घमापुर ने करीब 2-3 महीने पहले दोनों को पिस्टल दी थी। अंकित सोनी निवासी अधारताल नई डील को पूरा करने के लिए दोनों आरोपी को स्कॉर्पियो में पिस्टल लेने कटनी स्टेशन ले गया था वहां मनमुताबिक पिस्टल नहीं मिलने के कारण वे वापस स्कॉर्पियो से जबलपुर लौट रहे थे, तभी सिहोरा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल और 2 कारतूस जप्त कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी निहाल केवट, गगन जायसवाल, बाबू सिंधी और अंकित सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
