मक्सी: मक्सी थाना क्षेत्र में चलती मालवाहक कंटेनर से 12 बॉक्स चोरी होने का मामला सामने आया है। उज्जैन जिले के तराना थाने में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर मक्सी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बुधवार रात को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, विनसम एक्सप्रेस इंडिया लिमिटेड का कंटेनर क्रमांक HR55AX7297 इंदौर से घरेलू सामान के 64 बॉक्स लेकर फरीदाबाद जा रहा था। कंटेनर चालक वीरेंद्र नागर अपने सहयोगी आशुल नागर के साथ 3 जून 2026 को करीब 1:30 बजे इंदौर से रवाना हुए थे।रात करीब 3:10 बजे मक्सी बायपास पर एक अन्य ट्रक चालक ने वीरेंद्र नागर को कंटेनर का गेट खुला होने की सूचना दी। इसके बाद रोजवास टोल प्लाजा के पास कंटेनर को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि कंटेनर की सील टूटी हुई थी और अंदर रखे 64 बॉक्स में से 12 बॉक्स गायब थे।
चोरी हुए बॉक्सों के क्रमांक 13, 14, 15, 16, 17, 18, 22, 25, 26, 27, 34 और 48 बताए गए हैं। यह घटना मक्सी थाना क्षेत्र में हुई थी, जिसके चलते तराना थाने में दर्ज जीरो एफआईआर को मक्सी थाने में स्थानांतरित कर दिया गया। मक्सी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
