नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने आज चौथे चरण के तुगलकाबाद-एरोसिटी कॉरिडोर पर किशनगढ़ और वसंत कुंज स्टेशन के बीच भूमिगत सुरंग का निर्माण कार्य पूरा कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। दिल्ली मेट्रो ने यहां जारी एक विज्ञप्ति मेें यह जानकारी दी।
1550 मीटर लंबी सुरंग खोदने के बाद टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) आज सुबह वसंत कुंज मेट्रो स्टेशन पर बाहर निकली। इस कार्य के लिए 91 मीटर लंबी विशाल टीबीएम का उपयोग किया गया। एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर के हिस्से के रूप में इस खंड के अप लाइन और डाउन लाइन पर आवाजाही के लिए दो समानांतर गोलाकार सुरंगों का निर्माण किया गया। दूसरी समानांतर सुरंग का कार्य इस वर्ष मार्च में पूरा किया गया था।
सुरंग निर्माण के दौरान मौजूदा संरचनाओं के नीचे सभी आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरती गईं। आस-पास की संरचनाओं पर लगाए गए ।अब तक स्वीकृत चौथे चरण के निर्माण कार्यों में, 40.109 कि.मी. भूमिगत लाइनों का निर्माण किया जा रहा है। एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर में कुल 19.343 कि.मी. भूमिगत खंड हैं।
टीबीएम भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों में भूमिगत सुरंग निर्माण कार्य के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं। डीएमआरसी में पहले चरण से ही सुरंग निर्माण कार्य के लिए टीबीएम का उपयोग किया जा रहा है। तीसरे चरण के लगभग 50 किलोमीटर लंबे भूमिगत खंड के निर्माण कार्य के दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लगभग 30 टीबीएम को उपयोग में लाया गया था।
