नवविवाहिता को शादी के 30 दिन बाद ही घर से भगा दिया

शिवपुरी: शिवपुरी की एक नवविवाहिता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया और दहेज में मोटरसाइकिल व 5 लाख रुपए की मांग शुरू हो गई। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। परेशान नवविवाहिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता राखी जाटव ने बताया कि उसका विवाह 14 अप्रैल को ग्वालियर जिले के मुगलपुरा निवासी राहुल मौर्य के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। उसके माता-पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था। शादी के शुरुआती कुछ दिन सामान्य रहे, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष का रवैया अचानक बदल गया।
राखी का आरोप है कि पति राहुल मौर्य, ससुर कमलसिंह मौर्य, सास गीता मौर्य और ननद भावना मौर्य उसे आए दिन ताने देने लगे। ससुराल वाले कहते थे कि शादी में न मोटरसाइकिल मिली और न ही पर्याप्त नकदी। वे उस पर मायके से 5 लाख रुपए और बाइक लाने का दबाव बनाने लगे। पीड़िता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो उसे धमकियां दी जाने लगीं। यहां तक कहा गया कि यदि वह दहेज नहीं ला सकती तो राहुल की दूसरी शादी ऐसे परिवार में कर दी जाएगी जहां से अच्छा दहेज मिल सके।
नवविवाहिता ने बताया कि 23 मई की सुबह वह घर का काम कर रही थी। इसी दौरान पति, सास, ससुर और ननद ने कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। राखी का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और साफ शब्दों में कह दिया गया कि जब तक वह 5 लाख रुपए और मोटरसाइकिल लेकर नहीं आएगी, तब तक उसे घर में जगह नहीं मिलेगी।

पीड़िता का कहना है कि घर से निकाले जाने के बाद भी उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। रास्ते में मिलने पर जान से मारने और गोली मारने तक की धमकी दी जाती है। इसी भय और प्रताड़ना से परेशान होकर वह एसपी कार्यालय पहुंची और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अब पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Next Post

स्टार प्लस ने जारी किया 'इंडिया के टॉप 1%' का लोगो, बढ़ी दर्शकों की उत्सुकता

Thu Jun 11 , 2026
मुंबई, 11 जून (वार्ता) स्टार प्लस ने अपने आगामी नॉन-फिक्शन रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ का आधिकारिक लोगो जारी कर दिया है। शो की पहली झलक सामने आने के बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।चैनल द्वारा जारी टीज़र से संकेत मिलता है कि यह एक […]

You May Like