इंदौर:शहर में जल संकट गहराता जा रहा है. पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं. बंद पड़े बोरिंग और अनियमित टैंकर व्यवस्था के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है.पालदा क्षेत्र के वार्ड 64 स्थित पवनपुरी कॉलोनी के रहवासी इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं. गली नंबर 5 के रहवासियों ने बताया कि उन्हें पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कॉलोनी में लगा बोरिंग लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है. इस भीषण जल संकट के दौरान बोरिंग के कुछ पाइप निकाल दिए गए हैं, जिसके कारण वहां से एक बूंद भी पानी नहीं निकल रहा है. इसके अलावा स्थिति यह है कि नगर निगम द्वारा भेजा जाने वाला पानी का टैंकर सप्ताह में केवल एक या दो बार ही पहुंचता है. टैंकर से भी प्रत्येक परिवार को मात्र दो से तीन बाल्टी पानी ही मिल पाता है, जो दैनिक जरूरतों के लिए नाकाफी है. हालांकि कॉलोनी में नर्मदा लाइन बिछी हुई है, लेकिन उससे भी केवल लगभग 15 मिनट तक ही पानी की आपूर्ति हो पाती है. क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
यह बोले रहवासी…
वैसे हर साल पानी की किल्लत होती है, लेकिन इस वर्ष तो स्थिति भयावह हो गई है. पानी की सुविधा को लेकर कोई भी अच्छे इंतजाम नहीं है.
– नीला बाई
एक टैंकर आता है, जो कुछ घरों में पानी बांटकर चला जाता है. बड़े-बड़े परिवार हैं, पानी कहां से पूरेगा. रहवासियों ने बोरिंग के पाइप बढ़ाने को कहा, लेकिन वह भी नहीं बढ़ाए गए.
– अंशिया जायसवाल
बोरिंग के चार पाइप निकाल दिए, नहीं निकालते तो बोरिंग से कुछ पानी तो मिलता. 15 घरों के बीच एक टैंकर आता है, वह भी आठ दिन में एक या दो बार.
– आशा शर्मा
नर्मदा लाइन से पानी आता है, लेकिन 15 मिनट उसमें भी 5-7 मिनट शुरू में गंदा पानी आता है. पार्षद यहां नहीं आते, उन्हें जाकर अपनी शिकायत बताते हैं तो सुनते भी नहीं.
– अनिता बैरागी
