जबलपुर: घमापुर थाना क्षेत्र में चार महीने से बातचीत बंद होने से बौखलाए एक युवक ने जिम के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा मचाते हुए युवती को घेरकर उसके साथ हाथ-घूसों से मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, चांदमारी टेस्टिंग रोड की रहने वाली एक युवती गोलबाजार स्थित नायक हॉस्पिटल में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करती है। युवती की पहले शिवम पटेल नाम के युवक से जान-पहचान थी, लेकिन किन्हीं कारणों से युवती ने पिछले चार महीनों से उससे बातचीत करना बंद कर दिया था।
बीती रात करीब 8 बजे युवती शीतलामाई स्थित रोनी स्टार जिम में वर्कआउट करने गई थी। इसी दौरान शिवम पटेल ने उसे फोन कर पूछा कि वह कहाँ है। युवती ने जानकारी देने से मना कर दिया और फोन काट दिया। इससे नाराज होकर आरोपी सीधे जिम के बाहर पहुंच गया। युवती जैसे ही जिम के पास पहुंची, आरोपी शिवम ने उसे रोक लिया और सरेराह धमकाने लगा। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव और उस पर हाथ-घूसों की बरसात कर दी।
इस अचानक हुए हमले में युवती के चेहरे और बाएं कान पर गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद युवती के भाई, दोस्त ने तुरंत दौडक़र बीच-बचाव किया और युवती को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी शिवम पटेल वहां से भागने लगा। भागते-भागते उसने पीडि़ता को सरेआम धमकी दी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो जान से खत्म कर दूँगा। वारदात के बाद सहमी पीडि़ता ने परिजनों के साथ घमापुर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
