मुंबई, 10 जून (वार्ता) प्रसिद्ध गायक और संगीतकार अमि मिश्रा का नया गीत ‘साधु रे’ टी-सीरीज़ के बैनर तले रिलीज़ हो गया है। यह गीत श्रोताओं को जीवन के गहरे सत्यों पर विचार करने के लिए प्रेरित करता है और आधुनिक जीवन की भागदौड़ में छूटते जा रहे मानवीय मूल्यों को उजागर करता है।गीत में अमि मिश्रा ने अपनी भावपूर्ण आवाज़ देने के साथ संगीत भी तैयार किया है, जबकि इसके बोल गीतकार रश्मि विराग ने लिखे हैं। ‘साधु रे’ एक साधु की जीवन यात्रा और आम इंसान के संघर्षपूर्ण जीवन के बीच समानता स्थापित करता है। गीत में कर्म, करुणा, दृढ़ता, हानि और आशा जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
गीत के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि जीवन निरंतर आगे बढ़ता रहता है और व्यक्ति के हर कर्म का प्रभाव भविष्य पर पड़ता है। संगीत और शब्दों का संयोजन इसे एक प्रेरणादायक और चिंतनशील प्रस्तुति बनाता है। गीत के संगीत वीडियो का निर्देशन राज आशू ने किया है। वीडियो की शुरुआत गंगा आरती के भव्य दृश्य से होती है और इसके बाद मानव जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया है। इसमें सहानुभूति, निस्वार्थ सेवा, दुख, विरह और सफलता जैसे भावनात्मक क्षणों को चित्रित किया गया है। वीडियो में साधुओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों की कहानियों के माध्यम से यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि दया, आस्था और अच्छे कर्म किस प्रकार व्यक्ति के जीवन और उसकी नियति को प्रभावित करते हैं। ‘साधु रे’ सभी प्रमुख संगीत स्ट्रीमिंग मंचों पर उपलब्ध है, जबकि इसका आधिकारिक संगीत वीडियो टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।

