गोपद नदी घाट पर अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त तीन वाहन जब्त, खनिज विभाग की कार्रवाई

सीधी । जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपदबनास तहसील के ग्राम सिरसी स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक शिशिर यादव के नेतृत्व में गठित खनिज दल ने प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन वाहन अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए। कार्रवाई के दौरान खनिज दल को देखकर वाहन चालकों ने मौके से भागने का प्रयास किया। दो वाहनों के चालकों ने वाहन में लोड रेत को रास्ते में खाली कर बच निकलने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के कारण वाहन छोड़कर फरार हो गए। वहीं बिना नंबर के टाटा-407 वाहन के चालक को टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। चालक ने अपना नाम बाला प्रसाद यादव, निवासी ग्राम सिरसी बताया। उसके कब्जे से वाहन को नियमानुसार जब्त किया गया। इसके अलावा टाटा-407 वाहन क्रमांक एमपी 53 जीए 4183 का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन को लावारिस अवस्था में जब्त कर लिया गया। एक अन्य वाहन क्रमांक एमपी53 जीए 3272 को भी रेत सहित जब्त किया गया, जिसके चालक ने अपना नाम रामकुमार यादव निवासी ग्राम सिरसी बताया। जब्त किए गए तीनों वाहनों को सुरक्षार्थ थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन के संबंध में मोटर वाहन अधिनियम के तहत पृथक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया जाएगा। खनिज विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कर अवैध उत्खनन एवं परिवहन में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जाएगी तथा आवश्यक होने पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी रवींद्रनाथ तिवारी एवं वन विभाग के अमले का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग द्वारा तत्काल सहयोग उपलब्ध कराया गया, जिससे कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

पीओके में विरोध प्रदर्शन के बाद कर्फ्यू, पुलिस हिंसा में पिछले चार दिनों में कम से कम 41 की मौत

Tue Jun 9 , 2026
नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मंगलवार दोपहर कई शहरों में विरोध प्रदर्शन फैलने के बाद प्रशासन ने कर्फ्यू लागू कर दिया, जबकि पुलिस हिंसा में पिछले चार दिनों में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गयी जिनमें 19 बच्चे और सात […]

You May Like