
जबलपुर। रिश्वतकांड में फंसे रेल्वे के उप मुख्य अभियंता नारायण सिंह बुंदेला को सीबीआई जबलपुर ने रिमांड में लेकर लंबी पूछताछ की। सोमवार को रिमांड खत्म होने परआरोपी को सीबीआई ने पुन: न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है ।
विदित हो कि अभिषेक प्यासी पिता राम कुमार प्यासी 43 वर्ष, निवासी लोधीपुरा, पथरिया जाट, सिरोंजा, जिला सागर ने गुरूवार को सीबीआई कार्यालय, जबलपुर में पुलिस अधीक्षक, सीबीआई, जबलपुर को एक लिखित शिकायत करते हुए बताया था कि पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल के उप मुख्य अभियंता द्वितीय नारायण सिंह बुंदेला ने लगभग 1 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान सुरक्षा जमा राशि 67,84,820 रुपये, लंबित बिल 18,67,169.84 रुपये और पीवीसी से संबंधित कुछ बकाया की रिहाई के लिए 1,00,000 रुपये की रिश्वत की मांग की है। जिसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाया था और नारायण सिंह बुंदेला को गुरूवार देर रात सागर में शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते दबोचा था। आरोपी के गेस्ट हाउस के कमरे की तलाशी के दौरान, उसके घर से 62,000 रुपये की बेहिसाब नकदी और रियल स्टेट में निवेश से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए थे। शुक्रवार को उसे जबलपुर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। जिसके बाद रिश्वतखोर को 8 जून तक रिमांड में लिया था।
