
जबेरा/दमोह। दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसा जबेरा थाना क्षेत्र के मजा नाले के पास वेयरहाउस के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौके पर गंभीर चोटें आईं.प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गिदरा निवासी गिरवर व कुलदीप (18 वर्ष), पिता जालम सिंह, किसी कार्य से जबेरा आए थे. वापस लौटते समय भदर नाले के पास दमोह से जबलपुर की ओर जा रहे ट्रक ने कुलदीप को कुचल दिया।घटना की सूचना स्थानीय युवक मोंटू बाजपेयी ने जबेरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई अशोक सिंह व आरक्षक वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को ट्रक के नीचे से निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जबेरा ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।हादसे की खबर मिलते ही मृतक की मां व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल है।
